Tuesday 14 May 2013

गजब! 7 गेंद, 6 छक्के, यह कैसी तूफानी पारी थी पोलार्ड?


मुंबई। यह टी-20 क्रिकेट का रोमांच ही है कि विरोधी टीम एक ओवर में ही तबाह हो जाती है और मैच का पूरा पासा पलट जाता है। ऐसा ही कुछ रोमांचक नजारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 62वें मुकाबले के दौरान वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मैच में देखने को मिला।

डेल स्टेन ने जब 16वां ओवर खत्म किया तो मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 24 गेंदों में 62 रनों की आवश्यकता थी। यानी मुंबई के जांबाजों को प्रति ओवर 15.50 की औसत से रन बनाने थे। क्रीज पर कप्तान रोहित शर्मा और आक्रामक बल्लेबाज किरोन पोलार्ड थे। यह किसी ने नहीं सोचा था कि 17वें और 18वें ओवर में कुछ ऐसा नजारा दिखेगा, जिसपर यकीन करना मुश्किल हो जाएगा। किरोन पोलार्ड ने ऐसा ही किया। 17वें ओवर की अंतिम तीन गेंदों और फिर 18वें ओवर की दूसरी, तीसरी और पांचवीं गेंद पर छक्के जड़कर धमाल मचा दिया।

पोलार्ड अगर 18वें ओवर की चौथी गेंद पर नहीं चूकते तो उनके नाम 6 गेंदों पर 6 छक्के हो जाते। वे अमित मिश्रा की चौथी गेंद को मिडविकेट के ऊपर से सीमारेखा के बाहर भेजना चाहते थे, लेकिन वे चूक गए और 7 गेंदों में 6 छक्के लगाए। आइए, जानते हैं पोलार्ड द्वारा 7 गेंदों में लगाए गए 6 छक्कों का पूरा लेखा-जोखा

16.4 ओवर : थिसारा परेरा की गेंद पर शानदार स्ट्रेट ड्राइव करते हुए पोलार्ड ने साइटस्क्रीन के पास छक्का लगाया।

16.5 ओवर : थिसारा परेरा की गेंद पर एक और स्ट्रेट ड्राइव, गेंद गई सीधे छह रनों के लिए।

16.6 ओवर : थिसारा परेरा की अंतिम गेंद पर लॉन्ग ऑन में एक शानदार छक्का। इस तरह पोलार्ड ने हैट्रिक छक्का लगाया।

18वें ओवर की पहली गेंद रोहित शर्मा ने खेली और 1 रन लेकर उन्होंने स्ट्राइक पोलार्ड को दे दी।

17.2 ओवर : अमित मिश्रा की गेंद पर लॉन्ग ऑन में एक लंबा छक्का।

17.3 ओवर : अमित मिश्रा की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शानदार छक्का। इस तरह पोलार्ड ने लगातार 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाए और रिकॉर्ड बनाने के लिए उन्हें अगली गेंद पर एक और छक्का लगाना था।

17.4 ओवर : अमित मिश्रा की गुगली, पोलार्ड ने मिडविकेट के ऊपर से मारने की कोशिश की, लेकिन वे चूक गए और लगातार 6 गेंदों में 6 छक्के नहीं लगा सके।

17.5 ओवर : अमित मिश्रा की नो बॉल, किरोन पोलार्ड ने डीप स्क्वायर लेग के ऊपर से सीधा छक्का जड़ दिया।

हार की तरफ बढ़ती हुई मुंबई इंडियंस ने देखते-देखते 2 ओवरों में 50 रन ठोक डाले। रोहित शर्मा और किरोन पोलार्ड ने मिलकर 17वें ओवर में 29 रन ठोके, जबकि 18वें ओवर में 21 रन बने। किरोन पोलार्ड ने अपनी 27 गेंदों की पारी में 2 चौके और 8 शानदार छक्कों की मदद से नाबाद 66 रन बनाए। उनकी इस बिंदास धमाकेदार पारी के कारण मुंबई इंडियंस ने 179 रनों का लक्ष्य 3 विकेट खोकर 3 गेंद पहले ही हासिल कर लिया। पोलार्ड ने विजयी छक्का लगाया और मुंबई का स्कोर 184 रन पर पहुंच गया।

Sabhar (Courtesy - Dainik Jagran etc.)

No comments:

Post a Comment